मोदी सरकार के 12 वर्ष: विश्वास, विकास और विरासत का स्वर्णिम अध्याय — डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’

महराजगंज, पर्दाफाश न्यूज़ 24×7। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए इसे “विश्वास, विकास और सांस्कृतिक विरासत का स्वर्णिम कालखंड” बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति दर्ज की है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का मुख्य फोकस गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग का सशक्तिकरण रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, वहीं उज्ज्वला योजना के माध्यम से करीब 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया गया है। इसके अलावा पीएम स्वनिधि योजना के जरिए 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक संबल मिला है।

उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया, जनधन योजना, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) और जीईएम पोर्टल जैसी पहलों ने पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की साख भी मजबूत हुई है, जिसमें जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की भूमिका उल्लेखनीय रही है।

डॉ. मिश्र ने जनपद महराजगंज में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोरखपुर-सोनौली फोरलेन, ठूठीबारी-महराजगंज मार्ग चौड़ीकरण और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में 63,921 ग्रामीण और 42,111 शहरी आवास स्वीकृत किए गया हैं, जबकि 20 लाख से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन और 8.56 लाख लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है।

प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया।

error: Content is protected !!