रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
महराजगंज जनपद के सहायता प्राप्त एवं स्ववित्त पोषित इंटर कॉलेजों में खेल शुल्क के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता मनोज कुमार तिवारी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि कॉलेजों से खेल शुल्क के नाम पर वसूली गई धनराशि का उपयोग नियमानुसार नहीं किया जा रहा है, बल्कि उसमें बड़े स्तर पर अनियमितता बरती जा रही है।
शिकायत में कहा गया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा एवं क्रीड़ा सचिव अजय श्रीवास्तव द्वारा उक्त धनराशि को मनमाने ढंग से खर्च किया जा रहा है। आरोप है कि खर्च को सही ठहराने के लिए कूटरचित और फर्जी बिल-बाउचर लगाए जा रहे हैं, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका और गहरी हो गई है।
प्रार्थी ने मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच वरिष्ठ कोषाधिकारी महराजगंज के माध्यम से कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।