रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
गोरखपुर। डॉक्टर दिवस 2026 के अवसर पर इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), गोरखपुर द्वारा आयोजित एक गरिमामयी समारोह में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. चक्रपाणि पाण्डेय को ‘स्वर्णिम चिकित्सक सम्मान–2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं एवं समाज के प्रति उनके समर्पित योगदान के लिए प्रदान किया गया।

यह सम्मान समारोह आई.एम.ए. भवन, आम्रपाली कॉलोनी, तारामण्डल, गोरखपुर में आयोजित हुआ, जिसमें शहर के कई वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. आर. आर. पी. शुक्ल (अध्यक्ष) एवं डॉ. वाई. सिंह (सचिव) ने डॉ. पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान चिह्न प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ द्वारा भी सहयोग किया गया, जो अपने 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित कर रहा है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. चक्रपाणि पाण्डेय ने न केवल मरीजों के उपचार में उत्कृष्टता दिखाई है, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. पाण्डेय की पहचान एक संवेदनशील एवं समर्पित चिकित्सक के रूप में है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी मरीजों की सेवा को सर्वोपरि रखा। उनके इस सम्मान से न केवल गोरखपुर बल्कि पूरे क्षेत्र के चिकित्सा समुदाय में गर्व का माहौल है।
इस अवसर पर डॉ. पाण्डेय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक सेवा के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सम्मान के वातावरण में हुआ ।