13 जुलाई के ऐतिहासिक प्रदर्शन को लेकर निचलौल में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक, कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील

Pardafas news 24×7 महराजगंज। आगामी 13 जुलाई को महराजगंज मुख्यालय पर प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन एवं जनसभा को सफल बनाने के उद्देश्य से रविवार को निचलौल स्थित प्रसिद्ध इटहिया मंदिर परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद पांडे ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लेकर कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने कहा कि 13 जुलाई का प्रदर्शन जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है औ र यह जिले के इतिहास में एक महत्वपूर्ण आंदोलन साबित होगा। उन्होंने कहा कि निचलौल के सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर सोहगी बरवा तक के कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होंगे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ला एवं जिला उपाध्यक्ष तथा सिसवा विधानसभा प्रभारी विनोद सिंह ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने परिवार और समर्थकों के साथ प्रदर्शन में शामिल हो, ताकि जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि निचलौल ब्लॉक से सैकड़ों कार्यकर्ता महराजगंज पहुंचकर आंदोलन को मजबूत करेंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पड़ोसी राम के चढ़ावा चोरी की घटना, युवाओं के भविष्य से जुड़े लगातार पेपर लीक जैसे मुद्दों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करेंगे। जिला महासचिव सह प्रभारी अफजल अब्बासी, ब्लॉक अध्यक्ष रुद्रनाथ द्विवेदी, संदीप त्रिपाठी एवं इंद्रमणि यादव ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
बैठक में मनोज सिंह, मंसूर अली, अन्नपूर्णा मिश्रा, सद्दाम हुसैन, शाहिद समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के अंत में 13 जुलाई के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।

error: Content is protected !!