रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
महराजगंज। जनपद के निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार तिवारी द्वारा प्रस्तुत परिवाद पर उत्तर प्रदेश लोकायुक्त कार्यालय ने गंभीर रुख अपनाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर जवाब तलब किया है। लोकायुक्त कार्यालय, लखनऊ से जारी पत्र संख्या 2396-2025/09/6390 दिनांक 07 जून 2026 के माध्यम से जिलाधिकारी महराजगंज द्वारा प्रेषित जांच आख्या की प्रति संलग्न करते हुए परिवादी से 21 जुलाई 2026 तक अपना प्रत्युत्तर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रकरण के अनुसार, मनोज कुमार तिवारी द्वारा जनपद महराजगंज से संबंधित एक महत्वपूर्ण शिकायत लोकायुक्त में प्रस्तुत की गई थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए लोकायुक्त कार्यालय ने जिलाधिकारी महराजगंज से आख्या मांगी थी। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा पत्र संख्या 1629/न्याय सहा0/2026 दिनांक 11 मई 2026 के माध्यम से अवगत कराया गया कि उक्त प्रकरण की जांच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, महराजगंज से कराई गई थी।
जांच आख्या पूर्व में ही पत्र संख्या 1413/न्याय सहा0/2026 दिनांक 04 अप्रैल 2026 के माध्यम से लोकायुक्त कार्यालय को प्रेषित की जा चुकी है, जिसकी छायाप्रति पुनः संलग्न कर आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजी गई है।
अब लोकायुक्त कार्यालय ने इस पूरे प्रकरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए परिवादी से स्पष्ट जवाब मांगा है। तय समयसीमा के भीतर जवाब न मिलने की स्थिति में आगे की कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। इस मामले को लेकर जनपद में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं ।