रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र में ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) पीठाधीश्वर पूज्यपाद जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में शंकराचार्य जी की अग्रिम टीम ने जनपद के विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रविवार को आयोजित तैयारी बैठक के बाद अग्रिम टीम सिसवा विधानसभा क्षेत्र के निचलौल स्थित निर्धारित कार्यक्रम स्थल आशा मैरिज हॉल, सिरौली पहुंची, जहां टीम के सदस्यों ने पूरे परिसर का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंच व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पार्किंग, जलपान एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।


टीम ने आयोजन समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित बनाने में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने उपस्थित लोगों को आशीर्वाद भी प्रदान किया और आयोजन को सफल बनाने हेतु सभी से सहयोग की अपील की। स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समिति के सदस्यों ने भी आश्वासन दिया कि कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।