Pardafas news 24×7 महराजगंज। जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक एवं खुले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए 1461 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 292 बीएनएस एवं अन्य सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने से कई बार शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग और कार्रवाई की जा रही है।
महराजगंज पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
