आंगनवाड़ी परिसर में छोड़ा गया ट्रांसफार्मर बना खतरा, ठेकेदार लापता—बिजली विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों में रोष

नौतनवां/महराजगंज pardafas news 24×7: तहसील नौतनवां क्षेत्र के ग्राम मनिकापुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है।

 जानकारी के अनुसार, विद्युत केंद्र ठूठीबारी से जुड़े एक मामले में एक ट्रांसफार्मर आंगनवाड़ी परिसर के अंदर असुरक्षित अवस्था में लगा पड़ा है जिसे हटाने की मांग लम्बे समय से चल रही है जिसके क्रम में ट्रांसफार्मर को हटाया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार मौके से लापता हो गया। कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो ट्रांसफार्मर को स्थापित किया गया और न ही उसे सुरक्षित स्थान पर हटाया गया है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि परिसर में रखा ट्रांसफार्मर बच्चों और आमजन के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। आंगनवाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन आते हैं, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ती सावित्री यादव एवं निर्मला तिवारी ने भी इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कई बार सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारी केवल औपचारिकता निभा रहे हैं और जिम्मेदारी से बच रहे हैं।बताया जा रहा है कि इस मामले में संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) रजनीश कुमार गौण की भी भूमिका सवालों के घेरे में है, जिन पर निगरानी और कार्यवाही में ढिलाई बरतने का आरोप लग रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित तरीके से स्थापित कराने और दोषी ठेकेदार व जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

error: Content is protected !!