Pardafasnews 24×7 महराजगंज। दीपावली के त्योहार से पहले जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में निचलौल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक घर के अंदर अवैध रूप से भंडारित आतिशबाजी का बड़ा जखीरा बरामद करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत निचलौल पुलिस ने कोर्ट मोहल्ला, वार्ड नंबर-07 में छापेमारी की। इस दौरान कौशेन पुत्र धनीफ के घर से 8 बोरी और 18 गत्तों में रखी विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी बरामद की गई।
बरामद पटाखों में चकरी, धमाका बम, फुलझड़ी और स्काई रोशनी सहित कई प्रकार की आतिशबाजी शामिल हैं। पुलिस ने मौके से अभियुक्त कौशेन को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना निचलौल में मु0अ0सं0 294/2026 के तहत धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक सुगज तिवारी, हेड कांस्टेबल रजनीश सिंह, कांस्टेबल आनंद सिंह और महिला कांस्टेबल काजल शामिल रहीं। वहीं, तहसीलदार अमित सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम भी मौके पर मौजूद रही।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध आतिशबाजी के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पर्दाफाश न्यूज़ | उत्तर प्रदेश | महराजगंज