Pardafas news 24×7 ठूठीबारी/महराजगंज। बरगदवा क्षेत्र के पडियाताल स्थित भगवती मंदिर से दानपेटी चोरी होने के मामले में अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के नौतनवां ब्लॉक अध्यक्ष दीपू चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पडियाताल भगवती मंदिर में मंगलवार को अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी उठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त है। मंदिर स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां श्रद्धालु नियमित रूप से पूजा-अर्चना करने के साथ दान भी करते हैं।
दीपू चौहान ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थान नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों की आस्था और विश्वास से जुड़ा धार्मिक स्थल है। ऐसे स्थान से दानपेटी चोरी होना गंभीर मामला है। इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की जाए और अज्ञात चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही चोरी हुई दानपेटी की बरामदगी के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द प्राथमिकी दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन के लोग धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस

मामले में कब तक कार्रवाई करता है और मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा कब होता है।