Pardafas news 24×7 महराजगंज। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे 19 वर्षीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में ठूठीबारी पुलिस टीम को अभियुक्त की तलाश में लगाया गया था।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 14 नवंबर 2026 की रात करीब 10:45 बजे ठूठीबारी बस स्टैंड पर घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त एजाज खान पुत्र अब्दुल गफ्फार उर्फ गुड्डू खान निवासी आराजी बैरिया, ठूठीबारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त के खिलाफ ठूठीबारी कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026 दर्ज है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 137(2), 351(3), 352 और 65(1) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी मुकदमे में अभियुक्त वांछित चल रहा था।
इस गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव, कांस्टेबल बलवंत यादव और कांस्टेबल राहुल गुप्ता शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।