खेत में पलटी कंबाइन मशीन, बड़ा हादसा टला; चालक सुरक्षित

Pardafas news 24×7 सिंदुरिया। थाना क्षेत्र के पकड़िया और पिपरा नारायण गांव के सिवान में बुधवार को धान की कटाई के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिंदुरिया-सिसवा मार्ग के किनारे खेत में धान की कटाई कर रही चैन वाली कंबाइन मशीन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि मशीन चालक पूरी तरह सुरक्षित बच गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, पकड़िया बुजुर्ग निवासी शंभू पटेल अपने खेत में राजस्थान से आई कंबाइन मशीन के जरिए धान की कटाई करवा रहे थे। बुधवार को मशीन खेत में कटाई का काम कर रही थी। इसी दौरान चालक कंबाइन मशीन को पीछे की तरफ ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि खेत में नमी होने और मिट्टी गीली होने के कारण मशीन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते भारी-भरकम कंबाइन सड़क किनारे बने गड्ढे की तरफ फिसल गई और पलट गई।

मशीन पलटने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके की तरफ दौड़ पड़े। अचानक हुई इस घटना को देखकर लोग कुछ देर के लिए सहम गए। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर चालक की स्थिति के बारे में जानकारी ली। गनीमत रही कि चालक को कोई चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद पलटी हुई कंबाइन मशीन को देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कंबाइन मालिक ने मशीन को दोबारा सीधा कराने के लिए जेसीबी बुलाने की बात कही। मशीन को निकालने और सीधा करने की तैयारी की जा रही थी। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक इसकी चर्चा होती रही। फिलहाल इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

error: Content is protected !!