Pardafas news 24×7 महराजगंज |उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद बुधवार को महराजगंज जिले की फरेंदा विधानसभा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान बुद्ध की धरती महराजगंज को ऐतिहासिक बताते हुए सामाजिक समानता, शोषितों और वंचितों के अधिकारों के साथ निषाद समाज के आरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि महराजगंज बुद्ध की ऐतिहासिक धरती है, जहां से भगवान बुद्ध ने शांति के साथ सामाजिक क्रांति का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि बुद्ध ने समाज में फैली ऊंच-नीच और भेदभाव की विचारधारा को चुनौती देते हुए सभी मनुष्यों को समान बताया। उनके अनुसार, समाज में वही इंसान है जो समानता की बात करता है और लोगों को बराबरी का अधिकार दिलाने के लिए काम करता है।
इस दौरान मंत्री ने निषाद समाज के अधिकारों और आरक्षण को लेकर भी कड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो निषाद समाज की आवाज उठाएगा, आरक्षण के मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगा और धरना-प्रदर्शन में शामिल होगा, उसी को समाज का समर्थन मिलेगा।
उन्होंने कुछ विधायकों पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय समाज की आवाज बनने का संकल्प लेने वाले लोग सत्ता में पहुंचने के बाद समाज के मुद्दों को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों से समाज को जवाब मांगना चाहिए।
डॉ. संजय निषाद ने स्पष्ट कहा कि निषाद समाज के आरक्षण और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वालों को ही पार्टी में राजनीतिक जिम्मेदारी और विधानसभा तक पहुंचने का अवसर मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि जो लोग समाज के हक की लड़ाई में साथ खड़े होंगे, उन्हें विधायक बनाने के लिए पार्टी पूरी ताकत लगाएगी।
मंत्री के इस

बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले निषाद समाज को राजनीतिक रूप से एकजुट करने और आरक्षण के मुद्दे को चुनावी केंद्र में लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।