Pardafas news 24×7 महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।
शुक्रवार की सुबह करीब 7 बजे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उन्होंने अंतिम सांस ली। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामप्रीत पुत्र माधव (70 वर्ष), निवासी ग्राम भगवानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि 19 नवंबर, गुरुवार की शाम करीब 4:30 बजे रामप्रीत निचलौल बाजार से खरीदारी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओडवलिया के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। यहां से भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, रामप्रीत के दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। उनके बड़े बेटे का नाम गोरख यादव और छोटे बेटे का नाम प्रदीप यादव है। दोनों बेटे रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर मजदूरी करते हैं और परिवार के साथ रहते थे।
फिलहाल परिजन गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में ही मौजूद हैं और शव लेकर अभी गांव नहीं पहुंचे हैं। बुजुर्ग की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अब इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई और अज्ञात बाइक सवार की तलाश पर सभी की निगाहें टिकी हैं।