संगीत, कला और लोक संस्कृति के जरिए मतदाताओं को करेंगे जागरूक, जिले में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत हासिल करने का लक्ष्य

महराजगंज, 21 नवंबर 2026। जनपद महराजगंज के लिए गौरव की खबर सामने आई है। प्रसिद्ध गायक एवं उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य अमित अंजन को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर महराजगंज का स्वीप आइकॉन नियुक्त किया गया है। उन्हें आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (SIR) 2027 तथा विधानसभा चुनाव में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और मतदान प्रतिशत में इजाफा करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्वाचन आयोग की इस पहल के तहत अमित अंजन संगीत, कला, साहित्य और लोक संस्कृति के माध्यम से आम जनमानस को मतदान के प्रति जागरूक करेंगे। उनका प्रयास होगा कि जिले का प्रत्येक पात्र मतदाता मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराए और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले।
अमित अंजन ने बताया कि पिछले विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जिला प्रशासन के साथ मिलकर मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनके अनुसार, उस दौरान महराजगंज ने अंतिम चरण में सर्वाधिक मतदान प्रतिशत का कीर्तिमान बनाया था। इस योगदान के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से दोबारा यह जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। इस बार भी उनका लक्ष्य महराजगंज को मतदान के मामले में प्रदेश में अग्रणी बनाना है। इसके लिए नए जागरूकता गीत, वीडियो, ऑडियो और नाटक तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें जिला प्रशासन की स्वीकृति मिलने के बाद जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोक कलाएं, संगीत, नाटक और नृत्य समाज को एक सूत्र में जोड़ने की ताकत रखते हैं। इन्हीं माध्यमों से मतदाताओं तक मतदान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
अमित अंजन ने नवागत जिलाधिकारी को धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिला प्रशासन और सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जाएगा।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शुभचिंतकों और कला प्रेमियों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।