Pardafas news 24×7 ठूठीबारी, महराजगंज। जनपद के ठूठीबारी क्षेत्र के एक गांव में पिछले करीब एक महीने से भक्ति और आस्था का अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है। यहां प्रतिदिन तड़के करीब 3 से 4 बजे श्रद्धालुओं की टोली हरे राम-हरे कृष्ण और हरि नाम का संकीर्तन करते हुए प्रभात फेरी निकालती है। इस धार्मिक आयोजन में गांव के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल हो रहे हैं।
प्रभात फेरी की शुरुआत प्रतिदिन गांव स्थित मंदिर से होती है। इसके बाद श्रद्धालु हाथों में भक्ति की भावना और जुबां पर भगवान का नाम लेकर गांव के विभिन्न मंदिरों की ओर बढ़ते हैं। इस दौरान भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा गांव भक्तिमय हो उठता है। श्रद्धालु गांव के सभी मंदिरों की विधि-विधान से परिक्रमा करते हुए पुनः उसी मंदिर में पहुंचते हैं, जहां से प्रभात फेरी की शुरुआत हुई थी।
प्रभात फेरी के समापन के बाद मंदिर परिसर में सामूहिक हरि कीर्तन और भगवान का स्मरण किया जाता है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है। खास बात यह है कि यह धार्मिक आयोजन लगातार करीब एक महीने से बिना किसी रुकावट के जारी है।
सुबह के सन्नाटे में गूंजता हरि नाम का संकीर्तन गांव में आध्यात्मिक वातावरण बनाने के साथ ही आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश भी दे रहा है। ग्रामीणों का मानना है कि इस तरह के आयोजन से लोगों में धार्मिक आस्था मजबूत होती है और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है।
इस
धार्मिक आयोजन में आयोजक स्वामीना चौधरी, सचिंद्र चौधरी, रामदुलारे चौधरी, वीरेंद्र चौधरी, धीरज चौधरी, रामवदन साहनी, अनिल साहनी, नरसिंह चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।