योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में 148 करोड़ रुपये की लागत से बने रोहिन बैराज का किया लोकार्पण

योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज में 148 करोड़ रुपये की लागत से बने रोहिन बैराज का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 629 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया, प्रदेश के विकास की गति को बढ़ाने का किया दावा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महराजगंज जिले में 148 करोड़ रुपये की लागत से बने रोहिन बैराज का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने प्रदेश के विकास की दिशा को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें साझा की। अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने कुल 654 करोड़ रुपये की लागत वाली 629 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं। उन्होंने यह संकल्प लिया कि अगले तीन वर्षों में प्रदेश से गरीबी को समाप्त कर उसे देश का नंबर एक राज्य बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया कि अब वक्फ के नाम पर अवैध कब्जे नहीं हो सकेंगे। इस संशोधन से जमीनों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा, जो जनकल्याण की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया।

सीएम योगी ने प्रदेश में सड़कों और सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि गोरखपुर-नौतनवा और फरेंदा-नौतनवा मार्ग को फोरलेन किया जा रहा है। इसके अलावा, प्रदेश में 23 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है और 14 लाख किसानों को मुफ्त ट्यूबवेल की सुविधा मिल रही है।

प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण की योजनाओं पर भी मुख्यमंत्री ने जोर दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय और अटल आवासीय विद्यालय जैसे संस्थान गरीब और श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बनाए जा रहे हैं।