चीफ का महाराजगंज दौरा: अवैध कटान पर क्यों साधी चुप्पी?

चीफ का महाराजगंज दौरा: अवैध कटान पर क्यों साधी चुप्पी?

दिनांक 20 अगस्त 2025 को गोण्डा वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक (C.C.F.) अशोक सिंहा महाराजगंज जनपद के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मधवनलिया, करमाहिया, बलुआ टोला, कटान टोला, दर्जीनिया लाल सहित कई इलाकों का निरीक्षण किया। अगले दिन यानी 21 अगस्त को निचलौल रेंज का अवलोकन करने के बाद वे गोंडा के लिए रवाना हो गए।

दौरे के दौरान निचलौल गेस्ट हाउस में मौजूद पत्रकारों ने जब चीफ साहब से इस निरीक्षण का उद्देश्य और निचलौल रेंज में लंबे समय से चल रहे अवैध कटान के बारे में सवाल करने की कोशिश की, तो वे मीडिया से कन्नी काटते नजर आए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस विषय में जानकारी के लिए पत्रकार रेंजर से बात करें। वहीं मौजूद निचलौल रेंजर सुनील राय ने भी बातचीत टालते हुए कहा कि मीडिया को आवश्यक जानकारी अगले दिन दी जाएगी। इतना कहते ही चीफ साहब बिना कोई स्पष्ट जवाब दिए गेस्ट हाउस से निकल पड़े।

       लगभग 500 पेड़ 

स्थानीय लोगों और मीडिया जगत में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर क्यों चीफ साहब ने इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुप्पी साध ली। निचलौल रेंज में अवैध कटान का मुद्दा नया नहीं है। आए दिन सैकड़ों पेड़ रातों-रात काटे जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं, मगर जांच और कार्रवाई के नाम पर अक्सर मामला दबा दिया जाता है।

दौरे से यह उम्मीद की जा रही थी कि चीफ अवैध कटान पर सख्त रुख अपनाएंगे और दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाएंगे, लेकिन उनके रुख से उलटे सवाल उठने लगे हैं। क्या इस बार भी मामला पुराने ढर्रे की तरह ‘मैनेज’ कर दिया जाएगा या फिर वास्तव में वन विभाग ईमानदारी से जांच कर जनता का विश्वास जीत पाएगा—यह देखने वाली बात होगी।

error: Content is protected !!