महराजगंज जिले के पनियरा नगर पंचायत से शुक्रवार को बड़ी खबर सामने आई है। नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद्र जायसवाल ने अपने ही कार्यालय के एक संविदा कर्मचारी पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस घटना के बाद अध्यक्ष ने पनियरा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे अध्यक्ष जब नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, तो कार्यालय सहायक दिग्विजय सिंह अनुपस्थित पाए गए। करीब एक घंटे बाद यानी 11:15 बजे तक भी वे कार्यालय नहीं लौटे, लेकिन उपस्थिति रजिस्टर में उनके हस्ताक्षर दर्ज मिले। इस पर अध्यक्ष ने उन्हें अनुपस्थित कर दिया और वार्ड संख्या 10 के मंगरहिया बाजार तथा बसडीला छठ घाट का निरीक्षण करने निकल गए।
अध्यक्ष का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान मौजूद अन्य कर्मियों — मनोज कुमार पांडेय, अजय कुमार सिंह, गिरिजेश कुमार, बृजेश जायसवाल, सुशील मिश्रा और अनुप — ने बीच-बचाव कर स्थिति को किसी तरह शांत कराया।
घटना के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे कर्मचारी अखिलेश को भी आरोपी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और उसे भी धमकाया। पनियरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। आरोपी कर्मचारी का पूर्व में भी विवादित व्यवहार रहने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और प्रथम दृष्टया साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की तैयारी चल रही है।