रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद के ब्लॉक सिसवा अंतर्गत ग्रामसभा हरपुर पकड़ी स्थित अत्यंत प्राचीन शंकर जी मंदिर, जिसे क्षेत्र में “बौरहवा बाबा ” के नाम से जाना जाता है, इन दिनों अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहा है। मंदिर के पश्चिम दिशा में पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अस्थायी झोपड़ियां डालकर चाय-पान की दुकानें संचालित की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है।

स्थानीय निवासी अरविन्द सिंह (वार्ड नं. 22, सिसवा बाजार) ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर शिकायत की है। उनका कहना है कि मंदिर में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। विशेष रूप से महाशिवरात्रि और सावन माह में यहां विशाल मेला लगता है, जिसमें हजारों की भीड़ उमड़ती है। ऐसे समय में मंदिर के पश्चिमी मार्ग पर 4-5 फीट जगह छोड़कर लगाई गई दुकानों के कारण रास्ता संकरा हो जाता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि जिन व्यक्तियों की जमीन पीछे स्थित है, वे कथित रूप से इन दुकानदारों से किराया वसूल रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में पीडब्ल्यूडी विभाग, महराजगंज को मौखिक और लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शिवरात्रि और सावन मेले से पूर्व अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुगम बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मंदिर की गरिमा बनी रहे।