Pardafas news 24×7 महराजगंज। ग्राम्य विकास सचिव रजनीश चंद्रा ने सोमवार को पनियरा विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं और जनसुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान कई जगह व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
सचिव ने डिंगरी, रामनगर और मोहद्दीनपुर ग्राम पंचायतों का दौरा किया। रामनगर स्थित सरकारी अस्पताल पहुंचकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद मोहद्दीनपुर के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां कई बच्चे फर्श पर बैठकर पढ़ाई करते मिले। बच्चों की स्थिति देखकर सचिव ने नाराजगी जताई और विद्यालय में जल्द से जल्द पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जल
जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकी की व्यवस्था भी देखी गई। ग्रामीणों से बातचीत में सामने आया कि गांव में कई महीनों से जलापूर्ति बाधित है। इस पर सचिव ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए पेयजल व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मामले की जानकारी शासन स्तर पर भी भेजने की बात कही।
दिव्यांग बच्चों की शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान विकासखंड में केवल चार विशेष शिक्षकों की तैनाती की जानकारी मिली। इस पर सचिव ने असंतोष जताते हुए विशेष शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए शौचालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत राधेश्याम सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी अंकिता सिंह, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्राम पंचायत सचिव मौजूद रहे।