निचलौल थाना क्षेत्र के सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग अंतर्गत गेडहवां गांव के पास सोमवार को टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नहर में मछली पकड़ने पानी में उतरे एक युवक पर घड़ियाल के हमला करने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घड़ियाल युवक को गहरे पानी में खींच ले गया, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
लापता युवक की पहचान गेडहवां निवासी छांगुर उर्फ छबिलाल (36 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार को छांगुर अपने भाई झन्नु, पड़ोसी उमेश और कुछ अन्य लोगों के साथ नाव से टेल फॉल नहर में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान छांगुर नाव से उतरकर पानी में गए। तभी पानी में मौजूद घड़ियाल ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उन्हें गहरे पानी की ओर खींच ले गया।
घटना के बाद साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाया। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और लापता युवक की तलाश शुरू की।
टीमों ने नहर में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद गांव में दहशत और परिजनों में कोहराम का माहौल है।
निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उसे घड़ियाल ने खींचा था या उसके साथ कोई अन्य अनहोनी हुई है।
वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और लापता युवक की तलाश कराई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में टीमें लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं।