Pardafas news 24×7 महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के महुवारी टोला रायपुर गांव में बुधवार रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव में स्थित कटहल के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान जयराम पुत्र रामधन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार रात किसी समय जयराम का शव गांव में कटहल के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो चीख-पुकार मच गई। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
सूचना मिलते ही कोल्हुई थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजीव सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक रमेश वरुण और आकाश कुमार खरवार समेत पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जानकारी जुटाई जा रही है।
बताया गया कि मृतक जयराम की पत्नी का नाम प्रमिला है और उनके चार बच्चे हैं, जो सभी नाबालिग बताए जा रहे हैं। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गांव में भी मातम का माहौल है।
