आधी रात को नगर पंचायत कर्मियों ने तोड़े सीमांकन पिलर, गाड़ी में भरने की कोशिश

आधी रात को नगर पंचायत कर्मियों ने तोड़े सीमांकन पिलर, गाड़ी में भरने की कोशिश

पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, फरार हुए कर्मचारी; जांच की मांग तेज


निचलौल (महराजगंज) – नगर पंचायत निचलौल के हरेडीह मोहल्ले में शुक्रवार की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। स्थानीय निवासी अशोक पाण्डेय ने आरोप लगाया है कि नगर पंचायत के कर्मचारियों ने उनके भू-खंड पर लगे सीमांकन पिलरों को तोड़कर जबरन गाड़ी में भरने का प्रयास किया।

पीड़ित अशोक पाण्डेय ने बताया कि उन्होंने चार साल तक लंबी कानूनी लड़ाई के बाद हाल ही में राजस्व विभाग के लेखपाल और नगर पंचायत के टैक्स लिपिक की मौजूदगी में अपने भू-खंड का सीमांकन कराया था। सीमांकन के बाद जमीन की सीमा स्पष्ट करने के लिए चिन्हित पिलर स्थापित किए गए थे।

घटना की रात करीब 10 बजे नगर पंचायत की एक गाड़ी कुछ कर्मचारियों के साथ वहां पहुंची और लगे हुए पिलरों को उखाड़ने लगी। जब अशोक पाण्डेय को इसकी जानकारी हुई तो वे तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्हें देखते ही मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारी भाग निकले।

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

अशोक पाण्डेय ने नगर पंचायत कर्मियों पर सरकारी प्रक्रिया का उल्लंघन, जबरन संपत्ति में हस्तक्षेप और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी है और वे इसे एक सुनियोजित साजिश मान रहे हैं।