रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद के ग्राम पंचायत मेदिनीपुर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां खेल मैदान के रूप में दर्ज भूमि पर अवैध रूप से चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) निर्माण कराए जाने का आरोप लगा है। प्रार्थी अजीत सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, अराजी संख्या 2355, जो खतौनी में खेल मैदान के नाम से दर्ज है, उस पर बिना किसी सक्षम आदेश के निर्माण कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्य में तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शमी और निर्माण विभाग के जेई आयुष कुमार की मिलीभगत है। साथ ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की मदद से जबरन निर्माण कराए जाने की बात भी सामने आई है।

प्रार्थी ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल चल रहा है, जिसमें कुछ उच्चाधिकारियों की संलिप्तता से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इस तरह खेल मैदान की भूमि पर निर्माण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि ग्रामीण बच्चों और युवाओं के खेल अधिकारों का भी हनन है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर खेल मैदान ही खत्म हो जाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए खेल और शारीरिक विकास के अवसर समाप्त हो जाएंगे।
प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो वह माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में जनहित याचिका दाखिल करने को बाध्य होंगे।