रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

जनपद महराजगंज के फरेंदा और महदेवां क्षेत्र में मोटरसाइकिल खरीद से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसने सैकड़ों लोगों को आर्थिक संकट में डाल दिया है। आरोप है कि ग्राहकों ने एजेंसियों से मोटरसाइकिल खरीदते समय पूरा भुगतान नकद किया, इसके बावजूद एजेंसी और फाइनेंस कंपनियों की मिलीभगत से उन्हीं वाहनों पर जबरन फाइनेंस (लोन) कर दिया गया।

पीड़ितों के अनुसार, जब कुछ समय बाद फाइनेंस कंपनियों के कॉल आने लगे और किश्त जमा करने का दबाव बनाया गया, तब उन्हें इस धोखाधड़ी का पता चला। मामले की जानकारी लेने जब पीड़ित एजेंसी पहुंचे तो वहां कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया। धीरे-धीरे मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई, जहां पता चला कि लगभग 200 लोग इसी प्रकार की ठगी का शिकार हुए हैं।

पीड़ित पिछले 12 महीनों से लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं दूसरी ओर फाइनेंस कंपनियां लगातार किश्त जमा करने का दबाव बना रही हैं, जिससे पीड़ित मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।
इस पूरे मामले में एजेंसी और फाइनेंस कंपनियों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक महोदय से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले में कब तक कार्रवाई करता है और पीड़ितों को न्याय मिल पाता है या नहीं।