रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
महराजगंज। भगवान परशुराम जयंती के पावन अवसर पर 19 अप्रैल 2026, दिन रविवार को एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन वैशाख शुक्ल पक्ष अक्षय तृतीया के शुभ दिन पूर्वाह्न 11 बजे पं० हरि शंकर तिवारी दिग्विजयनाय इंटर कॉलेज, जमुई पंडित (पचमा) में संपन्न होगा।
इस पावन अवसर पर परशुराम वंशजों एवं ब्राह्मण समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने की हृदय से अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और स्वाभिमान को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण अवसर है।

कार्यक्रम के आयोजक एवं सनातन ब्राह्मण महासंस्था (ट्रस्ट) के संस्थापक मुख्य ट्रस्टी पं० नर्वदेश्वर शुक्ल ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर कार्यक्रम में अवश्य शामिल हों और भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन एवं विचार गोष्ठी जैसे विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं सभी वर्गों की भागीदारी इस आयोजन को और भी विशेष बनाएगी।
इस अवसर पर “जय ब्राह्मण, जय सनातन, जय ब्राह्मण स्वाभिमान” के उद्घोष के साथ भगवान परशुराम के प्रति श्रद्धा प्रकट की जाएगी।
आयोजकों ने कहा कि परमादरणीय अतिथियों का आगमन ही उनके लिए सौभाग्य की बात होगी और सभी की सहभागिता से यह आयोजन ऐतिहासिक रूप ले सकता है।