रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
सोनौली/महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। महराजगंज जिले से सटी लगभग 84 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। संभावित घुसपैठ और देश विरोधी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए एसएसबी, पुलिस और खुफिया एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
सोनौली बॉर्डर पर हर आने-जाने वाले व्यक्ति, वाहन और सामान की बारीकी से जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है, वहीं डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसके अलावा सोनौली और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोनौली सीमा का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एसएसबी चौकी पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों व खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सभी एजेंसियों के बीच समन्वय बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न किया जाए और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अधिकारियों ने साफ किया कि स्वतंत्रता दिवस तक सीमा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी रहेगा और हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।