रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र में एक भूमिधर की कृषि भूमि पर अवैध कब्जे और दबंगई का मामला सामने आया है। ग्राम शितलापुर निवासी राकेश यादव ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी भूमि, जो आराजी संख्या 204 क, रकबा 1.5300 हेक्टेयर के रूप में दर्ज है, पर कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रार्थी के अनुसार, उक्त भूमि मौजा रामचन्द्रही, तप्पा-खास, परगना तिलपुर में स्थित है और राजस्व अभिलेखों में उनके तथा उनकी माता सुभावती देवी का नाम विधिवत दर्ज है। राकेश यादव का कहना है कि वे वर्षों से इस भूमि पर शांतिपूर्ण तरीके से खेती करते आ रहे हैं, लेकिन 10 मई 2026 को गांव के ही कुछ लोग, जिनमें वीरेन्द्र यादव और साधूशरण शामिल हैं, खेत पर पहुंचे और उन्हें खेती करने से रोक दिया।
आरोप है कि विरोध करने पर प्रार्थी के साथ मारपीट की गई और उन्हें धमकाते हुए खेत से भगा दिया गया। साथ ही, आरोपियों ने खेत की मेड़ तोड़कर जमीन को अपने खेत में मिलाने का प्रयास किया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उन्हें किसी प्रकार का कानूनी अधिकार नहीं है, फिर भी वे जबरन कब्जा करना चाहते हैं।
राकेश यादव ने प्रशासन से मामले में त्वरित संज्ञान लेकर दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस प्रकरण से क्षेत्र में जमीन विवाद और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।