ठूठीबारी सीमा पर 1.14 करोड़ का मोबाइल सामान बरामद!

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी 

लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी के ठीक सामने से नेपाल पहुंचा करोड़ों का माल? भारतीय सीमा निगरानी पर बड़ा सवाल

लक्ष्मीपुर खुर्द/ठूठीबारी। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के कथित नेटवर्क को लेकर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी से सटे नेपाल के भूजहवा क्षेत्र में नेपाल पुलिस और सशस्त्र प्रहरी बल की संयुक्त कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 14 लाख 84 हजार रुपये का मोबाइल संबंधी सामान बरामद किया गया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस इलाके से सीमा पार तस्करी का माल पहुंचने का दावा सामने आया है, वह भारतीय क्षेत्र की पुलिस चौकी से सटा हुआ है।

नेपाल पुलिस के अनुसार, बरामद सामान में 2,294 मोबाइल एयरपॉड्स, 44,300 टेम्पर्ड ग्लास, 930 मोबाइल कवर और प्लास्टिक शामिल हैं। सामान लु 3 च 2939 नंबर की पिकअप में लदा था। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पिकअप लॉक कर मौके से फरार हो गया।

अब सबसे बड़ा सवाल—भारतीय सीमा पर निगरानी कहां थी?

अगर करोड़ों रुपये का सामान भारतीय क्षेत्र से सीमा पार होकर नेपाल पहुंचा, तो लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी और सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा तंत्र को इसकी भनक क्यों नहीं लगी?

क्या सीमा पर निगरानी व्यवस्था में बड़ी चूक हुई?

क्या तस्करों ने निगरानी तंत्र को चकमा दिया?

या फिर सीमा पर सक्रिय कथित तस्करी नेटवर्क को लेकर किसी स्तर पर लापरवाही बरती जा रही है?

स्थानीय सूत्रों का दावा है कि सीमा क्षेत्र से प्रतिदिन कई पिकअप के जरिए सामान नेपाल भेजे जाने की चर्चा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पर्दाफाश के सवाल

नेपाल में करोड़ों का माल पकड़ा जा रहा है, तो भारतीय क्षेत्र में कार्रवाई क्यों नहीं?

सीमा पार करने से पहले इतनी बड़ी खेप की जांच क्यों नहीं हुई?

क्या तस्करी नेटवर्क की जड़ें भारतीय सीमा क्षेत्र तक फैली हैं?

इन सवालों का जवाब अब ठूठीबारी पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से अपेक्षित है। मामले की निष्पक्ष जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह केवल सुरक्षा तंत्र की चूक थी या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।

पर्दाफाश न्यूज़ 24×7 — सवाल वही, जो सिस्टम से जवाब मांगें।

error: Content is protected !!