रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी
महराजगंज जनपद के सदर तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत मथनियां में उचित दर विक्रेता ईश्वर दास पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में ग्राम निवासी उमाशंकर प्रसाद द्वारा आईजीआरएस पोर्टल (संख्या-400186011704) पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच पूर्ति निरीक्षक द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को सौंप दी गई है, जिसमें कई अहम गड़बड़ियों की पुष्टि हुई है।
जांच में पाया गया कि कोटेदार द्वारा लाभार्थियों को एक से दो किलो तक राशन कम दिया जा रहा है। इतना ही नहीं, उपभोक्ताओं से पहले अंगूठा लगवा लिया जाता है और राशन का वितरण दो से तीन दिन बाद किया जाता है, जो सरकारी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे गरीब एवं पात्र परिवारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया कि ईश्वर दास द्वारा अन्त्योदय कार्ड धारक होने के बावजूद अपने परिवार की बहुओं के नाम से भी पात्र गृहस्थी राशन कार्ड बनवाए गए हैं। यह कार्य न केवल नियमों के विपरीत है, बल्कि सरकारी योजनाओं में धोखाधड़ी की श्रेणी में आता है।
शिकायतकर्ता ने आयुक्त गोरखपुर मंडल से मामले की गंभीरता को देखते हुए कोटेदार का अनुबंध निलंबित करने और कठोर विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और गरीबों के हक की रक्षा कैसे सुनिश्चित की जाती है।