Pardafas news 24×7 परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौकी अंतर्गत वार्ड नंबर-02 बल्लभ नगर के तिवारी टोला में शनिवार को करीब 30 वर्षीय युवक ने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान रजवंत पुत्र मुन्नीलाल के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे रजवंत अपने कमरे में गया था। इसी दौरान घर के आसपास खेल रहे बच्चों की नजर कमरे की कुंडी से लटक रहे रजवंत पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
परिजनों के अनुसार रजवंत के दो छोटे बच्चे हैं।

उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। परिजनों ने बताया कि रजवंत नशे का आदी था, जिसके चलते परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। प्रथम दृष्टया घटना को पारिवारिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है।