एक वृक्ष मां के समान” अभियान के तहत रतनपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

एक वृक्ष मां के समान” अभियान के तहत रतनपुर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित

विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्रामवासियों ने लिया वृक्षारोपण और संरक्षण का संकल्प

आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रतनपुर ग्राम पंचायत में “एक वृक्ष मां के समान” अभियान के अंतर्गत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार वृक्षों का रोपण किया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्री बेचन सिंह जी, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री बाबूलाल यादव जी, श्री अजय साहनी, प्रभात वर्मा, श्री जितेंद्र साहनी, आनंद मिश्रा, नरोत्तम सिंह और महेंद्र गौतम सहित कई सम्मानित नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर वृक्षारोपण किया और वृक्षों को जीवित रखने का संकल्प लिया।

ग्राम प्रधान श्री बेचन सिंह ने कहा, “पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं। यह कार्यक्रम केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक आह्वान है कि हम सभी अपने पर्यावरण की रक्षा करें और आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण दें।”

“एक वृक्ष मां के समान” का संदेश लोगों के हृदय को छू गया और ग्रामवासियों ने इसे भावनात्मक रूप से स्वीकार किया। कार्यक्रम में लोगों ने बच्चों को भी वृक्षारोपण में शामिल किया जिससे पर्यावरण के प्रति नई पीढ़ी में भी जागरूकता फैले।

यह आयोजन ग्राम पंचायत रतनपुर की ओर से पर्यावरण के क्षेत्र में एक सराहनीय प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।