महराजगंज: प्रशासनिक रोक के बावजूद सार्वजनिक ज़मीन पर रातों-रात मिट्टी डालकर अवैध कब्जे का प्रयास! डी एम

डी एम महराजगंज के आदेश की धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा लेखपाल

महराजगंज जनपद के सदर क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अवैध निर्माण का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। ग्राम पंचायत सिरौना एवं बेरिया की सीमा पर स्थित झोराम चौक के गाटा संख्या 706/98 (क, ख), जो कि ग्राम सभा की सामुदायिक भूमि व सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज है, पर अवैध कब्जे की कोशिश तेज हो गई है।

स्थानीय प्रशासन द्वारा पूर्व में इस भूमि पर हो रहे निर्माण को स्पष्ट रूप से रोकने का आदेश दिया जा चुका था। तहसीलदार सदर ने मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करते हुए निर्माण पर प्रतिबंध लगाया था। इसके बावजूद 4/12/2025 की रात में बालिकरण पुत्र निर्मल द्वारा जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से ज़मीन पर मिट्टी डालकर अवैध निर्माण की तैयारी कर दी गई।

ग्रामवासियों का आरोप है कि यह कार्यवाही न केवल प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना है, बल्कि सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे का गंभीर प्रयास भी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मार्ग उपयोग दोनों प्रभावित होंगे।

 

शिकायतकर्ता गौरी देवी, पत्नी जितन, ने जिलाधिकारी महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर मामले में तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह हरकत पूरी तरह गैरकानूनी है और सार्वजनिक हित के खिलाफ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाए और सार्वजनिक भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

error: Content is protected !!