असम वैली फर्टिलाइजर एंड केमिकल कंपनी लिमिटेड के अमोनियम यूरिया उत्पादन संयंत्र के भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन आज असम के नामरूप में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम देश की कृषि व्यवस्था को सुदृढ़ करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर का सजीव प्रसारण इंडियन पोटाश लिमिटेड की इकाई खड्डा, जनपद कुशीनगर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान, कृषि से जुड़े लोग तथा संस्थान के कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान किसानों और कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए भूमि पूजन को एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव देखा और तालियों के साथ इस पहल का स्वागत किया। उपस्थित किसानों ने इसे उर्वरक उपलब्धता बढ़ाने और खेती की लागत कम करने की दिशा में मील का पत्थर बताया। विशेषज्ञों के अनुसार इस नए अमोनियम यूरिया संयंत्र के शुरू होने से देश में उर्वरकों का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा, आयात पर निर्भरता घटेगी और किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेगा।

खड्डा इकाई में आयोजित सजीव प्रसारण कार्यक्रम में इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रधान प्रबंधक श्री एन. पी. सिंह, केन हेड श्री सुधीर कुमार, श्री अमुज सिंह, श्री मुन्ना सिंह, श्री संदीप चौधरी, श्री संजय तिवारी तथा श्री दाऊद इब्राहिम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में इस परियोजना को कृषि और किसान हित में बताया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल उर्वरक क्षेत्र को मजबूती देगा, बल्कि “आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प को भी साकार करेगा। कुल मिलाकर यह भूमि पूजन कार्यक्रम देश के किसानों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक और मजबूत कदम के रूप में देखा जा रहा है।