राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत की महराजगंज जिला इकाई का गठन, बृजेंद्र पांडेय बने जिलाध्यक्ष, विपिन सिंह महामंत्री

राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के जिला इकाई का गठन

घुघली (महराजगंज)। राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को शिकारपुर में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की महराजगंज जिला एवं तहसील इकाइयों का सर्वसम्मति से गठन किया गया। बैठक में जिले भर से आए पत्रकारों ने संगठन को मजबूत करने और पत्रकार हितों की लड़ाई को एकजुट होकर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

 

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से बृजेंद्र कुमार पांडेय को राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत का जिलाध्यक्ष चुना गया। वहीं जितेंद्र सिंह एवं राजाराम गुप्ता को उपाध्यक्ष तथा विपिन सिंह को महामंत्री नियुक्त किया गया। संगठन को सुदृढ़ आधार देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पत्रकार मार्कण्डेय द्विवेदी को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त इंद्र कुमार शुक्ल को जिला संगठन मंत्री, विकास यादव को जिला कोषाध्यक्ष एवं रंजीत मोदनवाल को संयुक्त मंत्री बनाया गया।

तहसील इकाइयों के गठन में भी सर्वसम्मति देखने को मिली। नौतनवा तहसील अध्यक्ष के रूप में शिवरतन को जिम्मेदारी दी गई। सदर तहसील में राकेश जायसवाल को अध्यक्ष तथा कृष्णानंद द्विवेदी को महामंत्री चुना गया। वहीं निचलौल तहसील अध्यक्ष के पद पर मनोज तिवारी का चयन किया गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने तालियों के साथ स्वागत किया।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बृजेंद्र कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने जिले की चारों तहसीलों के अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे सदस्यता अभियान को तेजी से आगे बढ़ाएं, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत से जुड़ सकें और संगठित होकर अपनी आवाज बुलंद कर सकें।

बैठक में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। संरक्षक एवं गोरखपुर मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी, मंडल महामंत्री कैलाश सिंह, श्याम सुंदर गोंड, रविनंदन गुप्ता, अनीश विश्वकर्मा एवं शमशाद ने अपने विचार रखते हुए संगठन की मजबूती पर जोर दिया। बैठक की अध्यक्षता संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष पालटू मिश्रा ने की।

अंत में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं और पत्रकार हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

error: Content is protected !!