आबादी के बीच बने पोल्ट्री फार्म से ग्रामीण परेशान, जिलाधिकारी को सौंपा गया ज्ञापन

रिपोर्ट- सुर्य प्रकाश तिवारी

महराजगंज जनपद की तहसील निचलौल अंतर्गत ग्राम सभा बड़हरा चरंगहा सिधरीहवा टोला में आबादी के बीच संचालित एक पोल्ट्री फार्म ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बनता जा रहा है। आरोप है कि पोल्ट्री फार्म संचालक द्वारा मुर्गियों को खुले में रखा जाता है, जिससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैलती रहती है। दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का घरों में रहना दूभर हो गया है, वहीं बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सांस लेने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Oplus_0

 

ग्रामीणों का कहना है कि पोल्ट्री फार्म से निकलने वाला कचरा और गंदगी न तो वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित की जा रही है और न ही किसी प्रकार की स्वच्छता व्यवस्था अपनाई जा रही है। इसके चलते क्षेत्र में मच्छरों और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार मौखिक रूप से शिकायत करने के बावजूद पोल्ट्री फार्म संचालक द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम के दर्जनों ग्रामीणों ने एकजुट होकर माननीय जिलाधिकारी महोदय को लिखित ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि आबादी के बीच बने इस पोल्ट्री फार्म की तत्काल जांच कराई जाए तथा नियमानुसार इसे घनी आबादी से हटवाया जाए। ग्रामीणों ने यह भी मांग की है कि यदि पोल्ट्री फार्म संचालन के लिए आवश्यक मानक और अनुमति नहीं है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

 

ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आम जन के स्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण की रक्षा के लिए क्या कदम उठाता है।

error: Content is protected !!