रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज जनपद के अड्डा बाजार क्षेत्र में संचालित महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। देवदह एजुकेशनल सोसाइटी द्वारा संचालित इस विद्यालय में कथित भ्रष्टाचार, फर्जीवाड़े और नियमों की अनदेखी के आरोपों के बीच प्रबंधन समिति का चुनाव कराने की कोशिश ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
सूत्रों के अनुसार, संस्था के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मिश्र को कथित रूप से कूटरचना के माध्यम से संस्था से बाहर कर दिया गया। इस पूरे प्रकरण में विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि नियमों के विपरीत जाकर कुछ तथाकथित पदाधिकारियों ने संस्था के नवीनीकरण और चुनाव प्रक्रिया को अपने पक्ष में मोड़ने का प्रयास किया।

बताया गया है कि सहायक रजिस्ट्रार, फर्म्स सोसाइटीज एवं चिट्स, गोरखपुर मण्डल द्वारा 10 अक्टूबर 2025 को संस्था का नवीनीकरण कर दिया गया, जबकि इस पर आपत्तियां पहले से लंबित थीं। इसके बाद सुनवाई के लिए 23 दिसंबर 2025 की तिथि निर्धारित की गई, जिसे शिकायतकर्ता ने विधि विरुद्ध बताया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त, गोरखपुर मण्डल द्वारा 31 जनवरी 2026 को जांच प्रचलित की गई। इसी दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक, महराजगंज ने वैध सदस्यों की सूची तलब की, लेकिन सूची प्राप्त होने से पहले ही 26 फरवरी 2026 को चुनाव की तिथि तय कर पर्यवेक्षक की मांग कर दी गई।
यहां यह भी बड़ी खबर देखें-https://www.facebook.com/share/v/1BMqXPUa9N/
शिकायतकर्ता कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया जांच को प्रभावित करने और तथ्यों को दबाने की साजिश है। उन्होंने आयुक्त से मांग की है कि जब तक जांच पूरी न हो, तब तक चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए।
मामले ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रशासनिक जिम्मेदारी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।