महराजगंज ब्रेकिंग: शिक्षा के मंदिर में अश्लील भोजपुरी गीत पर छात्राओं का डांस, वीडियो वायरल

रिपोर्ट -मनोज कुमार तिवारी

महराजगंज। लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पिपरा सोहट स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो को लेकर विद्यालय की गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को कथित तौर पर भोजपुरी के अश्लील गीतों पर नृत्य करते हुए देखा जा रहा है।

वायरल वीडियो में कुछ शिक्षक और अन्य लोग छात्राओं के नृत्य को देखते और उसका आनंद लेते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया था। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता, तारीख और कार्यक्रम की परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि किया जाना अभी बाकी है।

सरकारी विद्यालय को बच्चों में संस्कार, शिक्षा और देशभक्ति की भावना विकसित करने का केंद्र माना जाता है। ऐसे में यदि विद्यालय परिसर में वास्तव में अश्लील अथवा आपत्तिजनक गीतों पर छात्राओं से नृत्य कराया गया है, तो यह गंभीर विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी की चर्चा है। लोगों का सवाल है कि विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बजाय आपत्तिजनक गीतों का चयन आखिर किसकी अनुमति से किया गया?

अब सवाल शिक्षा विभाग और विद्यालय प्रशासन से है—क्या वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी? यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी? पूरे मामले में विभागीय अधिकारियों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।

पर्दाफाश न्यूज़ 24×7 वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास कर रहा है।

error: Content is protected !!