रिपोर्ट – सुर्य प्रकाश तिवारी
सिसवा बाजार/महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के जनहित में कराए जा रहे कार्यों को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर गलत एवं भ्रामक प्रचार किए जाने का मामला अब पुलिस अधीक्षक के दरबार तक पहुंच गया है। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार की अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नगरपालिका कार्यालय से जारी पत्र संख्या 282/न.पा.प. सिसवा/(2026-27) दिनांक 22 जुलाई 2026 के अनुसार, अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि रोशन मद्धेशिया पुत्र स्व. कमला मद्धेशिया, बृजेन्द्र बहादुर सिंह पुत्र केदार सिंह और विपिन जायसवाल पुत्र अज्ञात, निवासी सिसवा बाजार, अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे जनहित के कार्यों को लेकर कथित रूप से गलत एवं भ्रामक टिप्पणियां और प्रसारण कर रहे हैं।



प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि नगर पालिका द्वारा सार्वजनिक विवाह भवन तथा अमृत सरोवर योजना के तहत छठ घाट के सुंदरीकरण समेत विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। अध्यक्ष का आरोप है कि सोशल मीडिया पर इन कार्यों को लेकर किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार से नगर पालिका तथा उनके परिवार की छवि प्रभावित हो रही है और जनता में सरकार एवं नगर पालिका के खिलाफ आक्रोश पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्र में विशेष रूप से बृजेन्द्र बहादुर सिंह पर अमृत सरोवर योजना के तहत छठ घाट के कार्य में बाधा उत्पन्न करने का भी आरोप लगाया गया है। अध्यक्ष ने इन गतिविधियों को कथित राजनीतिक साजिश और आपराधिक षड्यंत्र बताते हुए पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट वास्तव में भ्रामक थे या उनमें किसी अनियमितता अथवा जनहित से जुड़े सवालों को उठाया गया था? इसका जवाब पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्पष्ट होगा।


फिलहाल नगर पालिका अध्यक्ष की शिकायत के बाद यह मामला सिसवा की राजनीति और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। पुलिस की जांच में आरोपों की वास्तविकता सामने आने की उम्मीद है।