Pardafas news 24×7 नौतनवा/महराजगंज। महराजगंज जिले के नौतनवा तहसील क्षेत्र के ग्राम महुअवां में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के चलते एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर आसपास बने चार गरीब परिवारों के आशियानों पर जा गिरा। पेड़ गिरने से मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और देखते ही देखते कई घर मलबे में तब्दील हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसा बीती रात करीब 3 बजे हुआ। उस समय परिवार के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ विशाल पेड़ मकानों पर गिर पड़ा, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। ग्रामीणों की तत्परता से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
पेड़ गिरने से चार परिवारों के घरों को भारी नुकसान पहुंचा है। घर में रखा सामान भी मलबे के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आ रही है। गनीमत रही कि हादसे में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन को दे दी है। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके सिर से छत छिन गई है और लगातार हो रही बारिश के बीच उनके सामने रहने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। कड़ाके की बारिश में गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर


क्षति का आकलन कराने, पीड़ित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने और रहने की वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है। अब पीड़ित परिवारों को प्रशासन से मदद की उम्मीद है।