महराजगंज में कच्ची शराब के खिलाफ बड़ा अभियान, 64 ठिकानों पर छापेमारी; 17 क्विंटल लहन नष्ट, 3 गिरफ्तार

pardafasnews 24*7 #police #maharajganj #crime #news महराजगंज। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने जिलेभर में व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने एक साथ 64 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में लहन और अवैध शराब को नष्ट किया गया।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 17 क्विंटल लहन तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा लगभग 770 लीटर अवैध कच्ची शराब को भी पुलिस टीमों ने निष्प्रभावी कर नष्ट किया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची शराब, 24 अदद बन्टी-बबली (देशी शराब) और एक नाव बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के मुताबिक नाव का इस्तेमाल अवैध शराब से संबंधित गतिविधियों में किए जाने की आशंका के तहत बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित थानों में आबकारी अधिनियम और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

error: Content is protected !!