Pardafas news 24×7 महराजगंज/ठूठीबारी। ठूठीबारी ग्राम सभा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब व्यापारी अजय जायसवाल के घर स्थित गोदाम में अचानक किंग कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही गोदाम में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते इसकी सूचना आसपास के लोगों तक पहुंची और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
लोगों ने तत्काल घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग के वन रक्षक साहनी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सबसे पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया और इसके बाद सावधानीपूर्वक सांप के रेस्क्यू का अभियान शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही। लोग दूर खड़े होकर पूरे रेस्क्यू अभियान को देखते नजर आए। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद गोदाम में मौजूद लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
वन विभाग की टीम के अनुसार, सांप को सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई की जा रही है। टीम ने लोगों से अपील की कि घर, गोदाम या अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
अचानक गोदाम में किंग कोबरा के निकलने की घटना पूरे ठूठीबारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। वन विभाग की टीम द्वारा समय रहते सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
