नहर में कूदे युवक का शव तीन दिन बाद मिला

नहर में कूदे युवक का शव तीन दिन बाद मिला

निचलौल में हड़कंप, परिजनों में मातम—नशे की लत से जूझ रहा था मृतक

निचलौल (महराजगंज)। नगर पंचायत निचलौल के महाशय वार्ड निवासी 29 वर्षीय युवक राजन का शव शनिवार को मधुबनी शाखा नहर में मिला। तीन दिन पहले वह चमनगंज पुल से नहर में कूद गया था। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शव को तैरते देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम राजन नशे की हालत में चमनगंज पुल से नहर में कूद गया था। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। तीन दिनों तक लगातार तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को मदनपुर गांव के पास शव पानी में तैरता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और शिनाख्त कराई। परिजनों ने शव की पहचान राजन के रूप में की।

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक राजन काफी समय से नशे का आदी था। आए दिन वह नशे की हालत में झगड़ा करता और अक्सर लापरवाह हरकतें करता था। पुलिस को आशंका है कि नशे की लत के कारण ही उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इधर, राजन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस घटना से क्षेत्र में मातम का माहौल है। लोग इसे नशे की लत का भयावह परिणाम बताते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की नसीहत दे रहे हैं।

 

error: Content is protected !!