सिसवा विधानसभा के लिए गर्व का क्षण: स्व. यादवेंद्र सिंह की पेंटिंग का विधानसभा में अनावरण

सिसवा विधानसभा के लिए गर्व का क्षण: स्व. यादवेंद्र सिंह की पेंटिंग का विधानसभा में अनावरण

 

पूर्व उपाध्यक्ष व मंत्री स्व. यादवेंद्र सिंह की स्मृति में सम्मान, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने किया लोकार्पण, परिवार सहित उपस्थित रहे पूर्व मंत्री शिवेंद्र सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा का सेंट्रल हाल शुक्रवार को एक ऐतिहासिक और भावुक क्षण का साक्षी बना। सिसवा विधानसभा से विधायक रहे, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहे तथा प्रदेश की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले दिवंगत नेता स्व. यादवेंद्र सिंह की स्मृति में लगाई गई पेंटिंग का अनावरण आज विधानसभा अध्यक्ष माननीय सतीश महाना के करकमलों से संपन्न हुआ।

स्व. यादवेंद्र सिंह न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के पुरोधा माने जाते थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष के रूप में भी अपनी अमिट छाप छोड़ी। उनके योगदान का स्मरण करते हुए विधानसभा अध्यक्ष महाना ने कहा कि “यादवेंद्र सिंह जैसे जननायक लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाले स्तंभ थे। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।”

इस अवसर पर स्व. यादवेंद्र सिंह के सुपुत्र, पूर्व विधायक एवं भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके माननीय शिवेंद्र सिंह अपने पूरे परिवार सहित उपस्थित रहे। भावुक क्षणों में शिवेंद्र सिंह ने कहा कि “आज का दिन मेरे लिए ही नहीं, बल्कि पूरे सिसवा क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का दिन है। यह सम्मान मेरे पिता के संघर्षों, जनसेवा और जनता के अपार विश्वास का प्रतीक है।”

सिसवा विधानसभा के लोगों के लिए यह आयोजन विशेष महत्व रखता है। स्व. यादवेंद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में विकास और जनहित के कई महत्वपूर्ण निर्णयों को आगे बढ़ाया था। उनकी छवि एक सहज, मिलनसार और दूरदर्शी नेता की रही। यही कारण है कि विधानसभा के सेंट्रल हाल में उनकी पेंटिंग स्थापित होना क्षेत्रवासियों और समर्थकों के लिए एक गर्व का अवसर बन गया।

कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने भी माना कि स्व. यादवेंद्र सिंह का व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका आदर्श जीवन और सेवा भाव राजनीति के उच्च मूल्यों को स्थापित करने वाला रहा।

इस सम्मानजनक क्षण ने न केवल सिसवा विधानसभा बल्कि पूरे महराजगंज जिले को गौरवान्वित किया है। विधानसभा में लगी उनकी यह पेंटिंग आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की याद दिलाती रहेगी और राजनीति में सेवा, त्याग और ईमानदारी का संदेश देती रहेगी।

error: Content is protected !!