दिल्ली/महराजगंज
न्यूज़ रिपोर्टर – मनोज कुमार तिवारी पर्दा फाश न्यूज
महराजगंज जनपद के निचलौल विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा बजाहा उर्फ अहिरौली के लिए यह क्षण ऐतिहासिक और गर्व से भर देने वाला है। 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ, नई दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस की भव्य राष्ट्रीय परेड में ग्राम सभा बजाहा उर्फ अहिरौली के ग्राम प्रधान श्री अरविंद कुशवाहा को उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सुनीता कुशवाहा के साथ विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह आमंत्रण भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा उत्तर प्रदेश शासन के माध्यम से किया गया है।

पंचायती राज मंत्रालय के निर्देशानुसार प्रदेश से चयनित पंचायत प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय परेड में शामिल होने का अवसर दिया गया है। इस क्रम में उत्तर प्रदेश से 33 पंचायत प्रतिनिधियों एवं उनके जीवनसाथियों सहित कुल 66 प्रतिभागियों का चयन हुआ है। ग्राम सभा बजाहा उर्फ अहिरौली के ग्राम प्रधान का इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल होना न केवल निचलौल ब्लॉक बल्कि पूरे महराजगंज जनपद के लिए सम्मान की बात है।


ग्राम प्रधान अरविंद कुशवाहा ने इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए भारत सरकार, पंचायती राज मंत्रालय, उत्तर प्रदेश शासन तथा पंचायती राज विभाग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत नहीं, बल्कि ग्राम सभा बजाहा उर्फ अहिरौली के प्रत्येक ग्रामीण, पंचायत सदस्यों और क्षेत्रवासियों के सहयोग एवं विश्वास का परिणाम है। उन्होंने इसे गांव के विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों की पहचान बताया।

ग्राम प्रधान ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्र को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम दिवस है। इसी दिन भारत का संविधान लागू हुआ और देश को समानता, न्याय व अधिकारों का मजबूत आधार मिला। उन्होंने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और जब गांव सशक्त होंगे, तभी देश प्रगति के पथ पर और तेजी से आगे बढ़ेगा।
इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही निचलौल ब्लॉक सहित महराजगंज जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने ग्राम प्रधान को बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। लोगों का कहना है कि ग्राम सभा बजाहा उर्फ अहिरौली का नाम अब राष्ट्रीय मंच पर पहुंचना यह दर्शाता है कि छोटे गांव भी बड़े सपनों और मजबूत नेतृत्व के माध्यम से देश की मुख्यधारा में अपनी पहचान बना सकते हैं।
कर्तव्य पथ पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में ग्राम प्रधान की उपस्थिति न केवल एक सम्मान है, बल्कि यह संदेश भी है कि सरकार ग्राम पंचायतों की भूमिका को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दे रही है। यह आमंत्रण ग्राम स्वराज की अवधारणा को सशक्त करता है और आने वाली पीढ़ियों को लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा देता है। इस स्वर्णिम अवसर पर महराजगंज जनपद का नाम राष्ट्रीय फलक पर चमकना निश्चित ही जनपदवासियों के लिए गर्व का विषय है।