महराजगंज जनपद के अड्डा बाजार क्षेत्र स्थित महात्मा बुद्ध इंटरमीडिएट कॉलेज, बुद्धनगर की प्रबंधन समिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रबंधन समिति की कार्यावधि समाप्त होने के बावजूद कथित रूप से प्रबंधन द्वारा लगातार हस्ताक्षर कर शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वतंत्र पत्रकार मनोज कुमार तिवारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) महराजगंज को लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय का संचालन करने वाली देवदह एजुकेशनल सोसाइटी की प्रबंधन समिति की वैध अवधि समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद प्रबंधक संजय कुमार मिश्र द्वारा प्रबंधन समिति में कूटरचना और फर्जीवाड़ा कर कार्य किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस प्रकरण की जांच उच्चाधिकारियों के समक्ष पहले से ही प्रचलित है, फिर भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक महराजगंज प्रदीप कुमार शर्मा ने 16 जनवरी 2026 को विद्यालय प्रबंधन को पत्र जारी किया है। पत्र में प्रबंधक/प्रधानाचार्य को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिन के भीतर प्रबंधन समिति से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं। डीआईओएस द्वारा मांगे गए दस्तावेजों में प्रशासन योजना की प्रमाणित प्रति, सोसाइटी नवीनीकरण की प्रति, पूर्व निर्वाचित प्रबंधक के हस्ताक्षर, सहायक निबंधक फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स गोरखपुर द्वारा जारी वैध सदस्यों की सूची तथा प्रबंधन समिति के कार्यकाल से संबंधित प्रमाणित अभिलेख शामिल हैं।
डीआईओएस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा में अभिलेख प्रस्तुत न किए जाने की स्थिति में संबंधित प्रबंधन स्वयं उत्तरदायी होगा। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा अभिभावक पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, शिकायतकर्ता मनोज कुमार तिवारी ने मांग की है कि जब तक प्रबंधन समिति की वैधता स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक प्रबंधन के हस्ताक्षर से किए जा रहे सभी कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए और विद्यालय में एकल संचालन की व्यवस्था लागू की जाए। उनका कहना है कि यह मामला केवल एक विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही से जुड़ा हुआ है।
अब सभी की निगाहें जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि विद्यालय का संचालन नियमों के अनुरूप हो रहा है या नहीं।
ब्यूरो महराजगंज – रविन्द्र मिश्र