Pardafas news 24×7 महाराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल नगर पंचायत के बल्लभ नगर स्थित तिवारी टोला में शनिवार को एक करीब 30 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रजवंत पुत्र मुन्नीलाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार सुबह रजवंत सामान्य रूप से उठा था। दोपहर करीब दो बजे वह घर के एक कमरे में चला गया। कुछ देर बाद घर के आसपास खेल रहे बच्चों ने कमरे की कुंडी में उसे लटकता देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रजवंत की मौत हो चुकी थी।
बताया जा रहा है कि रजवंत के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी करीब 15 दिन पहले मायके चली गई थी। परिजनों ने बताया कि रजवंत नशे का आदी था और इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। ऐसे में परिजन घटना को पारिवारिक कलह से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
