गौरवेन्द्र सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, महराजगंज के नए उपायुक्त (श्रम रोजगार) नियुक्त

गौरवेन्द्र सिंह को मिली बड़ी जिम्मेदारी, महराजगंज के नए उपायुक्त (श्रम रोजगार) नियुक्त

जौनपुर के खंड विकास अधिकारी से पदोन्नत होकर महराजगंज भेजे गए श्री सिंह, शासन ने तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के दिए निर्देश

लखनऊ/महराजगंज, 14 जून। उत्तर प्रदेश शासन ने ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए श्री गौरवेन्द्र सिंह को पदोन्नति के फलस्वरूप महराजगंज जनपद में उपायुक्त (श्रम रोजगार) पद पर तैनात किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी गई है।

श्री गौरवेन्द्र सिंह इससे पूर्व जौनपुर जनपद में खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ) के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यों एवं प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए शासन द्वारा उन्हें पदोन्नत कर महराजगंज के रिक्त पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

ग्राम्य विकास अनुभाग-1 द्वारा जारी आदेश संख्या आर-1185/38-1001(010)/4/2025 दिनांक 14 जून, 2025 के अनुसार, श्री सिंह को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन तैनाती स्थल पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करें और उसका प्रमाण शासन तथा आयुक्त, ग्राम्य विकास कार्यालय, लखनऊ को प्रस्तुत करें।

यह आदेश संयुक्त सचिव प्रहलाद बरनवाल द्वारा हस्ताक्षरित किया गया है, जबकि अनु सचिव अजय कुमार मिश्र के माध्यम से इसकी प्रतिलिपियाँ संबंधित महालेखाकार, मण्डलायुक्त, जिलाधिकारी, कोषाधिकारी सहित संबंधित सभी अधिकारियों को सूचनार्थ प्रेषित की गई हैं।

श्री सिंह की यह नियुक्ति महराजगंज जिले के श्रम एवं रोजगार क्षेत्र में प्रशासनिक कार्यों को नई गति देने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।