गोरखपुर एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप सिंह का तबादला, मुथा अशोक जैन को सौंपी कमान

गोरखपुर एडीजी जोन डॉ. केएस प्रताप सिंह का तबादला, मुथा अशोक जैन को सौंपी कमान

उत्तर प्रदेश में तबादलों का सिलसिला जारी, तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के पदों में हुआ बड़ा फेरबदल

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को सरकार ने एक बार फिर तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। गोरखपुर जोन के एडीजी डॉ. केएस प्रताप सिंह को उनके पद से हटाकर पुलिस आवास निगम का सीएमडी नियुक्त किया गया है। उनकी जगह अब आईपीएस अधिकारी मुथा अशोक जैन को गोरखपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया है।

डॉ. केएस प्रताप सिंह 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं और वे लंबे समय से गोरखपुर जोन की कमान संभाल रहे थे। अब उन्हें लखनऊ में तैनात पुलिस आवास निगम का सीएमडी बनाया गया है। दूसरी ओर, 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी मुथा अशोक जैन, जो अब तक उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ में एडीजी पद पर कार्यरत थे, उन्हें अब गोरखपुर जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।

इसके साथ ही एक और बड़ा प्रशासनिक बदलाव आईपीएस पीसी मीणा को लेकर हुआ है। उन्हें पुलिस महानिदेशक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश लखनऊ के पद पर तैनात किया गया है। वे अब तक पुलिस आवास निगम के सीएमडी के साथ-साथ जेल महानिदेशक के अतिरिक्त प्रभार में थे। इस बदलाव से अब उनकी भूमिका पूर्ण रूप से कारागार प्रशासन की हो गई है।

सरकार द्वारा किए गए इन तबादलों को कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और प्रशासनिक कार्यों को अधिक कुशलता से संचालित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।